छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

छत्तीसगढ़ी ठुमका से सपनों की उड़ान: सारंगढ़ की आरती कोडाकू IBC24 के टॉप-100 में शामिल, पढ़े पूरी खबर,,,,,

सारंगढ़-बिलाईगढ़।
छत्तीसगढ़ की माटी में पली-बढ़ी प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के उद्देश्य से IBC24 न्यूज चैनल द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ी ठुमका ऑडिशन आज प्रदेशभर के युवाओं के लिए उम्मीद और प्रेरणा का मंच बन चुका है। गांव-देहात और दूरदराज अंचलों में छिपी कला को बड़े मंच तक पहुंचाने वाली इस पहल ने कई सपनों को पंख दिए हैं।

IBC24 की ओर से प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऑडिशन आयोजित किए गए, जिनमें हजारों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में कुल 100 श्रेष्ठ कलाकारों का चयन किया जाना था। इसी क्रम में 23 नवंबर को रायगढ़ जिले में हुए ऑडिशन में सारंगढ़ की आरती कोडाकू ने अपने आत्मविश्वास, ऊर्जा और नृत्य प्रतिभा से निर्णायकों का ध्यान खींचते हुए टॉप-100 में स्थान बनाया।

क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण
आरती कोडाकू का चयन न केवल उनके लिए, बल्कि रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ अंचल के लिए भी गर्व का विषय है। जैसे ही चयन की खबर गांव तक पहुंची, खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, रिश्तेदारों और मित्रों ने आरती को बधाइयां दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संघर्ष से सफलता तक का सफर
अपने अनुभव साझा करते हुए आरती ने बताया कि वह नृत्य के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती थीं, लेकिन सामाजिक संकोच और लोकलाज के कारण कई बार कदम रुक जाते थे। ऐसे समय में उनके माता-पिता का भरोसा और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना। आरती एक गरीब किसान परिवार से आती हैं और उनके लिए IBC24 का यह मंच किसी वरदान से कम नहीं।

आरती का कहना है कि, “हम जैसे साधारण परिवारों के लिए ऐसे अवसर सपने देखने और उन्हें पूरा करने की हिम्मत देते हैं। यह मंच मेरे लिए चमत्कार जैसा है।”

ग्रामीण बेटियों के लिए मिसाल
आज आरती कोडाकू अपने क्षेत्र की उन बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं, जो सपने तो देखती हैं, लेकिन सामाजिक डर के कारण उन्हें पूरा करने से हिचकती हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि अगर इरादे मजबूत हों और परिवार का साथ मिले, तो गांव की मिट्टी से भी राष्ट्रीय मंच तक का सफर तय किया जा सकता है।

लोकसंस्कृति को सशक्त करने की पहल
IBC24 की यह पहल छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण युवाओं में आत्मविश्वास जगाने का कार्य कर रही है। आरती कोडाकू की सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही मंच और सच्ची लगन मिल जाए, तो प्रतिभा कभी पीछे नहीं रहती।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़