बेलटीकरी में 100 किसानों को मिला आधुनिक बागवानी का प्रशिक्षण, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे रहे मुख्य अतिथि, पढ़े पूरी खबर,,,,,

धान से आगे बढ़ें किसान, बागवानी से बढ़ेगी आमदनी
सारंगढ़–
एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजनांतर्गत 9 जनवरी से 13 जनवरी तक शासकीय उद्यान बेलटीकरी में कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में जिले के 100 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे रहे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला अध्यक्ष बनने से पहले मैं स्वयं किसान था, इसलिए किसानों की समस्याओं को भली-भांति समझता हूं। उन्होंने कहा कि धान की खेती में लागत अधिक और आमदनी अपेक्षाकृत कम होती है, साथ ही यह सालभर की मेहनत मांगती है। इसके विपरीत बागवानी फसलें एवं साग-सब्जी की खेती में लागत कम और आमदनी अधिक होती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि मौसम के अनुसार वर्षभर साग-सब्जी एवं बागवानी फसलों का उत्पादन करें, जिससे उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो सके।
कार्यक्रम में सहायक संचालक उद्यान, जिला सारंगढ़–बिलाईगढ़ के मार्गदर्शन में बागवानी प्रौद्योगिकी संस्थान, नोएडा से आए विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। उद्यानिकी फसलों पर विस्तृत तकनीकी जानकारी डॉ. डी.सी. शर्मा एवं एल.पी. सिंह द्वारा प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को उच्च तकनीक से सब्जी उत्पादन, फूलों की आधुनिक खेती, उन्नत किस्मों का चयन, पौध संरक्षण, सिंचाई प्रबंधन एवं बाजार से जोड़ने की रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें परंपरागत खेती के साथ-साथ व्यावसायिक बागवानी की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।
कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक तकनीकों से जोड़कर उनकी आय दोगुनी करने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।




