छेरछेरा के दिन खूनी साजिश का खुलासा: बिलाईगढ़ पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में 7 आरोपी किए गिरफ्तार, पढ़े पूरी खबर,,,,,

सारंगढ़ बिलाईगढ़।
छेरछेरा पर्व के दिन ग्राम मल्दी में हुए हत्या के प्रयास की सनसनीखेज घटना में बिलाईगढ़ पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में पुलिस की सख्त और सक्रिय भूमिका को दर्शाती है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 3 जनवरी 2026 को ग्राम मल्दी निवासी पुलेश्वर वर्मा पिता मोहित वर्मा ने थाना बिलाईगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि पंचायत चुनाव के समय से वर्तमान सरपंच रामस्वरूप साहू के साथ आपसी मनमुटाव चला आ रहा था। इसी विवाद की कड़ी में 3 जनवरी को शाम करीब 6 बजे ग्राम रमतला निवासी सहेत्तर साहू द्वारा सरपंच के खिलाफ निर्माण कार्य की शिकायत करने को लेकर गाली-गलौज और मारपीट की गई।
घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने जब प्रार्थी पक्ष थाना आ रहा था, उसी दौरान शाम करीब 7 बजे सहेत्तर साहू, ग्राम मल्दी के अजय कुमार साहू, विजय कुमार साहू, चिरंजीवी उर्फ हरीश साहू, उमेश साहू, दरस यादव, दीपक यादव और भागीरथी यादव ने योजनाबद्ध तरीके से पुलेश्वर वर्मा, मोहित वर्मा एवं शोभित वर्मा पर लाठी-डंडा से हमला कर प्राणघातक चोटें पहुंचाईं।
घटना की सूचना पर थाना बिलाईगढ़ में अपराध क्रमांक 06/2026 धारा 126(2), 191(2), 191(3), 190, 118(1), 109(1), 61(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान 4 जनवरी 2026 को आरोपी भागीरथी यादव और दीपक कुमार यादव, निवासी ग्राम मल्दी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
अन्य फरार आरोपियों की लगातार तलाश के बाद 8 जनवरी 2026 को पुलिस ने ग्राम मल्दी के विजय कुमार साहू, अजय कुमार साहू, चिरंजीवी उर्फ हरीश कुमार साहू, दरस कुमार यादव तथा ग्राम रमतला निवासी सहेत्तर साहू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी, डंडा एवं चाकू भी जप्त किए गए हैं।
बिलाईगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




