छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अपराधों पर लगाम, 2025 में हत्या से लेकर चोरी तक बड़ी गिरावट, पढ़े पूरी खबर,,,,

हत्या, चोरी, महिला व बाल अपराधों में कमी, 94.46% मामलों का हुआ निराकरण

सारंगढ़-बिलाईगढ़।
जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में अपराध नियंत्रण, निराकरण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ दर्ज की गई हैं। वार्षिक अपराध आंकड़ों के अनुसार जिले में शरीर संबंधी अपराध, संपत्ति संबंधी अपराध, महिलाओं व बच्चों से जुड़े अपराधों में वर्ष 2024 की तुलना में स्पष्ट कमी आई है, जो प्रभावी पुलिसिंग और सतत निगरानी का परिणाम मानी जा रही है।

शरीर संबंधी अपराधों में कमी
हत्या के मामलों में वर्ष 2024 में दर्ज 16 प्रकरणों की तुलना में वर्ष 2025 में 13 प्रकरण दर्ज हुए, जिससे लगभग 19 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। वहीं हत्या के प्रयास के मामलों में 12 से घटकर 4 प्रकरण रह गए। आपराधिक मानव वध के प्रकरणों में भी 50 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण
नकबजनी के मामलों में 30 प्रतिशत तथा चोरी के मामलों में 33 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। यह पुलिस की गश्त, सूचना तंत्र और त्वरित कार्रवाई का परिणाम माना जा रहा है।

महिलाओं से संबंधित अपराधों में गिरावट
बलात्कार के मामलों में 19 प्रतिशत, शीलभंग में 22 प्रतिशत और पति एवं उसके रिश्तेदारों द्वारा प्रताड़ना के मामलों में 47 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की सख्ती को दर्शाता है।

बच्चों से जुड़े अपराधों में भी राहत
बाल अपराधों के आंकड़ों में भी गिरावट देखने को मिली है। बच्चों से संबंधित बलात्कार के मामलों में 28 प्रतिशत, शीलभंग में 54 प्रतिशत और अपहरण/व्यपहरण में 13 प्रतिशत की कमी आई है।

अपराध निराकरण में 94.46 प्रतिशत सफलता
वर्ष 2025 में जिले में कुल 2464 अपराध पंजीबद्ध हुए, जिनमें से 94.46 प्रतिशत प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। शेष मामलों के शीघ्र निराकरण हेतु थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है।

अन्य प्रमुख उपलब्धियाँ
जिले में 03 आदतन अपराधियों को जिला बदर किया गया। आबकारी के अंतर्गत 908 प्रकरणों में 9884 लीटर शराब जप्त कर 95 वाहनों को राजसात किया गया। मादक पदार्थों के विरुद्ध 32 प्रकरणों में 884 किलोग्राम मादक पदार्थ जप्त किए गए, वहीं 3496 किलोग्राम मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया। संगठित अपराध के तहत 08 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।

गुम इंसानों की तलाश में सफलता
वर्ष 2025 में कुल 467 गुम इंसानों को विभिन्न जिलों एवं अन्य राज्यों से ढूंढकर उनके परिजनों को सौंपा गया।

अधोसंरचना और निगरानी में मजबूती
थाना केडार, चौकी कनकबीरा और पुलिस लाइन के नए भवन निर्माणाधीन हैं, जबकि थाना कोसीर एवं चौकी बेलादुला के नए भवनों की स्वीकृति मिल चुकी है। अपराध रोकथाम के लिए ‘सार-बिला दृष्टि अभियान’ के तहत सारंगढ़ में 30 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, वहीं जनसहयोग से जिले में कुल 362 कैमरे पूर्व से स्थापित हैं।

कुल मिलाकर वर्ष 2025 जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस के लिए उपलब्धियों भरा रहा, जिसने अपराध नियंत्रण के साथ जनता में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत किया है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़