छत्तीसगढ़सरसिंवा

अवैध बिक्री से पहले 600 बोरी यूरिया से लदा ट्रक जब्त! पढ़े पूरी खबर,,,,

सरसींवा के तेजस्वनी ट्रेडर्स से यूरिया की कालाबाजारी का भंडाफोड़

*सारंगढ़-बिलाईगढ़,
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर जिला स्तरीय निरीक्षण दल ने सरसींवा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बेचे जा रहे यूरिया की खेप पकड़ी।

उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित टीम ने सोमवार को छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान कोदवा स्थित तेजस्वनी ट्रेडर्स में गड़बड़ी पाई गई। निरीक्षण में पीओएस रिपोर्ट और स्टॉक पंजी में यूरिया का कोई स्टॉक दर्ज नहीं मिला, जबकि मौके पर भारी मात्रा में खाद बरामद हुई।

जांच टीम ने वाहन क्रमांक बीआर 02 जीए 6848 में भरे 600 बोरी यूरिया को जब्त किया। व्यापारी द्वारा बिना बिल रसीद और जरूरी दस्तावेज के भंडारण व परिवहन किया जा रहा था। जानकारी मिली कि यूरिया किसानों को निर्धारित मूल्य के बजाय 800 रुपये प्रति बोरी में बेचा जा रहा था।

यह कार्रवाई आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 का स्पष्ट उल्लंघन माना गया है। जब्त यूरिया को सरसींवा थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार आयुष तिवारी, उर्वरक निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, पटवारी प्रणवीर सिंह, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी देवेश निराला और विजय आनंद कुर्रे उपस्थित रहे।

कलेक्टर की सख्त चेतावनी

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनुदान प्राप्त खाद की कालाबाजारी करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल को लगातार निगरानी रखने और अवैध कारोबारियों पर नकेल कसने के निर्देश दिए गए हैं।

किसानों ने जताई राहत

स्थानीय किसानों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अब उन्हें उचित दाम पर समय पर खाद मिल सकेगा। उनका कहना है कि कुछ व्यापारी मनमानी कीमत वसूल रहे थे, जिससे खेती की लागत बढ़ रही थी। प्रशासन की इस पहल से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़