छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

जिला चिकित्सालय सारंगढ़ की बड़ी उपलब्धि: पहली बार सफल हुआ ‘टोटल एब्डोमिनल हिस्टेरेक्टॉमी’ ऑपरेशन, पढ़े पूरी खबर,,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़, जिला चिकित्सालय सारंगढ़ ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए पहली बार ‘टोटल एब्डोमिनल हिस्टेरेक्टॉमी’ (Total Abdominal Hysterectomy) का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किया है। यह सफलता जिले की चिकित्सा व्यवस्था के लिए एक बड़ा मील का पत्थर मानी जा रही है, जिससे अब मरीजों को गंभीर उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे जिला प्रशासन का निरंतर मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग की टीम का समर्पित प्रयास रहा। कलेक्टर महोदया पद्मिनी भोई साहू के कुशल मार्गदर्शन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव तथा सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में यह जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया।

अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध होने के बाद अब यहां जटिल और बड़े ऑपरेशनों की शुरुआत संभव हो पाई है। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और ओटी टीम ने बेहतरीन समन्वय और उच्च दक्षता का परिचय देते हुए इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफल बनाया।

‘टोटल एब्डोमिनल हिस्टेरेक्टॉमी’ महिलाओं से जुड़ी एक प्रमुख और जटिल शल्य प्रक्रिया है, जिसमें पेट के निचले हिस्से में चीरा लगाकर गर्भाशय (Uterus) और गर्भाशय ग्रीवा (Cervix) को पूरी तरह सुरक्षित रूप से निकाल दिया जाता है। यह ऑपरेशन सामान्यतः गर्भाशय में गांठ (Fibroids), अत्यधिक या असामान्य रक्तस्राव, क्रॉनिक पेल्विक दर्द या गर्भाशय से संबंधित गंभीर बीमारियों तथा कैंसर जैसी स्थितियों में किया जाता है। जिला स्तर पर इस तरह की सर्जरी का सफल होना स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय प्रगति का संकेत है।

सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन और पूरी मेडिकल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता कलेक्टर महोदया के सतत सहयोग और प्रोत्साहन का परिणाम है। वहीं CMHO डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अब जिला चिकित्सालय आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ सेवाओं के साथ सभी प्रकार की जटिल सर्जरी करने में सक्षम हो रहा है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार अब जिले के मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे आर्थिक बोझ कम होगा और समय पर उपचार संभव होगा। आने वाले समय में मोतियाबिंद ऑपरेशन सहित अन्य कई सर्जिकल सेवाएं भी जल्द शुरू की जाएंगी, जिससे जिला चिकित्सालय सारंगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़