समय सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त: बेजा कब्जा हटाने, शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश, पढ़े पूरी खबर,,,,,

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़, जिले में प्रशासनिक कार्यों की रफ्तार तेज करने के लिए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने समय सीमा की बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी तरह का बेजा कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि लंबित प्रकरणों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने सभी गांवों और शहरी क्षेत्रों के चौक-चौराहों पर पियाऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और नगरीय निकायों को पेयजल आपूर्ति मजबूत करने तथा जल संगवारी अभियान के तहत सोख्ता गड्ढों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने आगामी ‘सुशासन तिहार’ की तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा और बिना अनुमति अवकाश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को अपनी-अपनी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
महिला हितग्राहियों को ‘महतारी वंदन’ योजना के तहत शीघ्र ई-केवाईसी कराने, अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने और जनगणना कार्य के तहत स्वगणना को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने आबादी क्षेत्रों में संचालित ईंट भट्ठों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कृषि, राजस्व और सहकारिता विभाग को शेष किसानों का एग्रीस्टेक में पंजीयन शीघ्र पूर्ण करने के लिए कहा गया।
इसके अलावा रात्रिकालीन जन चौपाल में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण और प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिन हितग्राहियों को पहली किस्त जारी हो चुकी है, उन्हें तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने पर भी जोर दिया गया।
प्रशासनिक कसावट के संकेत बैठक में दिए गए निर्देशों से साफ है कि जिला प्रशासन अब कार्यों में ढिलाई के मूड में नहीं है। समय सीमा, जवाबदेही और जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया है।




