19 अप्रैल को होगी परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा, सख्त नियमों के बीच अभ्यर्थियों की परीक्षा,पढ़े पूरी खबर,,,,,,

परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले बंद होगा गेट, हल्के रंग के कपड़े अनिवार्य — गहरे रंगों पर प्रतिबंध
विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़,
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर द्वारा परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा 19 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। राज्य के 16 जिलों में होने वाली इस परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर व्यापम ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य होगा।
परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के सभी पेज का प्रिंट आउट एक तरफ से निकालना होगा, क्योंकि प्रत्येक पेज परीक्षा केंद्र में जमा किया जाएगा। साथ ही, अभ्यर्थियों को फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र जैसे मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य रूप से लाना होगा। बिना मूल पहचान पत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
समय से पहले पहुंचना अनिवार्य
व्यापम के निर्देशानुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा, ताकि फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पूर्व ही केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ड्रेस कोड में सख्ती
परीक्षा के दौरान हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य किया गया है। काले, जामुनी, मैरून, बैंगनी, गहरे नीले, हरे और चॉकलेटी रंग के कपड़े पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच से गुजरना होगा और उन्हें निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचना होगा।
इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्र में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी सहित किसी भी प्रकार के संचार या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना सख्त मना है। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी, जबकि कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना भी वर्जित रहेगा।
व्यापम ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने पर कड़ी कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को सभी नियमों का गंभीरता से पालन करने की सलाह दी गई है।




