एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर, 28 नवंबर को रायपुर में डिक्की का विशेष शिविर, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे शामिल, जीवन रात्रे की पहल पर क्षेत्रवासियों के लिए बस की विशेष व्यवस्था
विशालपुर सारंगढ़ नई दुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं और उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़ने तथा उन्हें व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से 28 नवंबर को राजधानी रायपुर में डिक्की (दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री) द्वारा विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस विशेष शिविर के माध्यम से एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग के इच्छुक युवाओं को नया व्यवसाय शुरू करने और पहले से संचालित कारोबार का विस्तार करने के लिए विभिन्न व्यावसायिक अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। शिविर में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, स्वरोजगार की संभावनाओं को समझने तथा व्यवसाय से जुड़ी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
क्षेत्र के युवा व्यवसायी जीवन रात्रे ने सारंगढ़ क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं, नवोदित उद्यमियों और व्यवसाय करने के इच्छुक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए डिक्की के समक्ष बस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। उनकी मांग पर डिक्की द्वारा रायपुर में आयोजित शिविर में शामिल होने के लिए क्षेत्रवासियों को बस की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बस 28 नवंबर को सुबह 5 बजे ग्राम टेंगनापाली से रायपुर के लिए रवाना होगी। इसके माध्यम से सारंगढ़ क्षेत्र के इच्छुक युवा एवं व्यवसायी आसानी से शिविर में पहुंचकर कार्यक्रम का लाभ उठा सकेंगे।
युवा व्यवसायी जीवन रात्रे ने क्षेत्र के एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग के युवाओं, व्यापारियों और स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाने के इच्छुक लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज के समय में व्यवसाय और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए सही जानकारी और मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन युवाओं को नए अवसरों से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मददगार साबित हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जो युवा अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं या पहले से संचालित कारोबार को आगे बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए यह शिविर उपयोगी अवसर है। क्षेत्र के युवाओं को इस अवसर का लाभ उठाकर व्यवसाय और स्वरोजगार की दिशा में आगे आने की जरूरत है।




