Letest News

किसान हितैषी सरकार का दावा, प्रति एकड़ 13,839 रुपये की अंतर राशि पर भाजपा ने की प्रेसवार्ता, पढ़े पूरी खबर,,,,,

21 क्विंटल धान खरीदी से लेकर वैकल्पिक फसलों पर सहायता तक सरकार की योजनाओं को बताया किसानों के हित में, फसल क्षति पर मुआवजे का भी दिया भरोसा

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। प्रदेश की भाजपा सरकार को किसान हितैषी बताते हुए किसानों के लिए संचालित योजनाओं और धान खरीदी व्यवस्था की जानकारी देने के उद्देश्य से शनिवार को केशरवानी भवन में भाजपा द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने दावा किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के आर्थिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार द्वारा धान बेचने वाले पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान करने का प्रावधान किया गया है।

प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखकर योजनाएं संचालित कर रही है। सरकार की मंशा है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले और खेती-किसानी आर्थिक रूप से लाभकारी बन सके। उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत निर्धारित पात्रता और सत्यापित रकबे के आधार पर 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही जो किसान धान के स्थान पर गन्ना अथवा अन्य फसलें लगाते हैं, उन्हें भी शासन की निर्धारित योजनाओं के तहत उचित आर्थिक सहायता और प्रोत्साहन देने का प्रावधान है। सरकार का उद्देश्य केवल धान उत्पादक किसानों तक सीमित नहीं, बल्कि अन्य फसलों की खेती करने वाले किसानों को भी आर्थिक संबल प्रदान करना है।

प्रेसवार्ता के दौरान हाल ही में अर्नब चक्रवात सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित फसलों का मुद्दा भी उठा। इस पर भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों का उचित सर्वे कराया जाएगा तथा नुकसान के आकलन के आधार पर पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं गिरदावरी और बाढ़ से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर पूछे गए सवालों पर भी भाजपा नेताओं ने उचित निराकरण का भरोसा दिलाया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। धान खरीदी, आदान सहायता, वैकल्पिक फसलों को प्रोत्साहन और प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई जैसे विषयों पर सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और उन्हें खेती के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर मंच पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला किसान मोर्चा के मुरारी नायक, कुलकीत चंद्रा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अमित अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष निखिल केशरवानी, मीडिया प्रभारी रवि तिवारी एवं कैलाश पंडा सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़