छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

सारंगढ़ में खूंखार आवारा कुत्ते का आतंक, एक दिन में 31 लोगों को बनाया शिकार कुत्ते को पकड़ने रायपुर से आ रही टीम, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

22 पुरुष, 4 महिलाएं और 5 बच्चे बने शिकार, जिला अस्पताल में मचा हड़कंप; सीसीटीवी में राहगीरों पर झपटता दिखा कुत्ता

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़ |  सारंगढ़ शहर में इन दिनों एक खूंखार आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है। शहर के अलग-अलग इलाकों में एक कुत्ता लगातार राह चलते लोगों को अपना निशाना बना रहा है। एक ही दिन में कुत्ते के काटने से 31 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 22 पुरुष, चार महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद शहरवासियों में भय का वातावरण है और लोग नगर पालिका से तत्काल कुत्ते को पकड़कर राहत दिलाने की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, कुत्ते का हमला किसी एक इलाके तक सीमित नहीं रहा। वह एक मोहल्ले से दूसरे मोहल्ले में दौड़ता रहा और राह चलते लोगों पर अचानक झपटकर उन्हें काटता रहा। गढ़ चौक, डिग्री कॉलेज मार्ग, बाजार चौक, प्रतापगंज और पुराना जेलपारा जैसे व्यस्त इलाकों में कुत्ते द्वारा लोगों पर हमला किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्ता कई लोगों पर पीछे से झपटता और पैर तथा हाथ में काटकर घायल करता रहा।

बताया गया कि सुबह करीब 8:30 बजे कॉलेज मार्ग से गुजर रहे एक युवक पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। युवक के पैर में गंभीर चोट आई। इसी दौरान मंदिर से पूजा कर घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला को भी कुत्ते ने अपना निशाना बनाया। लगातार हो रहे हमलों से शहर के लोगों में खासकर बच्चों और बुजुर्गों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जिला अस्पताल में पहुंचते रहे घायल

कुत्ते के हमलों के बाद जिला अस्पताल में घायलों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शुरुआत में बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे और दिनभर में यह संख्या बढ़कर 31 तक पहुंच गई। घायलों में 22 पुरुष, चार महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं। अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने घायलों का प्राथमिक उपचार करने के साथ उन्हें एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाया तथा आवश्यकतानुसार घावों की पट्टी की।

घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुत्ते के हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। गढ़ चौक, प्रतापगंज और जेलपारा क्षेत्र के बताए जा रहे फुटेज में कुत्ता राह चलते लोगों के पीछे दौड़ता और अचानक हमला करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आवारा कुत्ते को लेकर और अधिक भय व्याप्त हो गया है।

नगर पालिका चलाएगी सघन रेस्क्यू अभियान

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद नगर पालिका ने कुत्ते को पकड़ने के लिए टीम सक्रिय कर दी है। नगर पालिका के अनुसार कुत्ते की तलाश की जा रही है। इसके लिए रायगढ़ से भी टीम बुलाने की तैयारी है। शहर के सभी वार्डों में सघन अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी। पकड़े गए कुत्तों को वार्ड क्रमांक 14 में बनाए गए सेंटर में रखने तथा आवश्यकतानुसार रेबीज का टीका लगाने की बात कही गई है।

वर्जन

डॉ. दीपक जायसवाल, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल सारंगढ़ ने बताया कि एक दिन में कुत्ते के काटने से 31 लोग अस्पताल पहुंचे। इनमें 22 पुरुष, चार महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाने के साथ आवश्यक उपचार और पट्टी की गई है।

वर्जन

नगरपालिका सीएमओ सारंगढ़

सूरज सिदार, सीएमओ, नगर पालिका सारंगढ़ ने बताया कि कुत्ते के काटने से 31 लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। कुत्ते को पकड़ने के लिए नगर पालिका की टीम तलाश कर रही है। उसे पकड़ने के लिए रायपुर से भी टीम बुलाई जा रही है। शहर के सभी वार्डों में सघन अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ा जाएगा वार्डों के साथ साथ पुरे जिले में भी आवारा कुत्तों को पकड़ा जायेगा और उन्हें वार्ड क्रमांक 14 स्थित सेंटर में रखा जाएगा। आवश्यकतानुसार कुत्तों को रेबीज का टीका भी लगाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़