सारंगढ़ जिला अस्पताल में रचा गया इतिहास, पहली बार सफल सिजेरियन प्रसव ऑपरेशन, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,

अब जटिल प्रसव के लिए रायगढ़-बिलासपुर नहीं जाना पड़ेगा, जिला अस्पताल में शुरू हुई नई स्वास्थ्य सुविधा
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़,
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार सफलतापूर्वक सिजेरियन प्रसव (एलएससीएस) ऑपरेशन कर नया इतिहास रच दिया है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों को जिस सुविधा का इंतजार था, वह अब जिला अस्पताल में उपलब्ध हो गई है। इस सफलता के पीछे कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र वैष्णव तथा सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के सतत प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा शुरू करने में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की कमी सबसे बड़ी बाधा थी। जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन के प्रयासों से संचालक चिकित्सा शिक्षा द्वारा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. कुन्ती नायक की सेवाएं जिला चिकित्सालय सारंगढ़ को उपलब्ध कराई गईं। कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद अस्पताल प्रबंधन ने सिजेरियन ऑपरेशन की तैयारी पूरी कर सोमवार को पहला ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किया।
ऑपरेशन का नेतृत्व स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रानू मनहर ने किया। उनकी विशेषज्ञता और प्रशिक्षित मेडिकल टीम के सहयोग से ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा। ऑपरेशन के बाद मां और नवजात शिशु दोनों स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकों की निगरानी में हैं। अस्पताल परिसर में नवजात की किलकारी गूंजते ही चिकित्सकों एवं कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने इस उपलब्धि को जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि अब सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की गर्भवती महिलाओं को सिजेरियन प्रसव अथवा अन्य जटिल प्रसव संबंधी उपचार के लिए रायगढ़, बिलासपुर या निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। यह सुविधा जिला अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध होगी, जिससे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यह सुविधा प्रति सप्ताह सोमवार एवं मंगलवार को उपलब्ध रहेगी।
जिला अस्पताल में पहली बार सिजेरियन ऑपरेशन की सफलता के बाद क्षेत्रभर में उत्साह का माहौल है। स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन, अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की टीम को बधाई देते हुए इसे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल अब वास्तव में आम जनता के लिए जीवनदायिनी संस्था के रूप में विकसित हो रहा है।



