कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने PMSMA शिविर का किया निरीक्षण, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

जिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को मिल रही सुविधाओं की सराहना, अटल आरोग्य लैब के लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़, जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में रविवार को आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) शिविर का कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, जांच व्यवस्था और अस्पताल की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। कलेक्टर ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और प्रत्येक गर्भवती महिला तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना आवश्यक है।
शिविर के दौरान कलेक्टर ने महिलाओं को दी जा रही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवा वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने जानकारी दी कि शिविर में कुल 56 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें से 16 महिलाओं को उच्च जोखिम गर्भावस्था (HRP) श्रेणी में चिन्हित किया गया। ऐसे मामलों की विशेष निगरानी और समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने की बात कही गई।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में उपलब्ध प्रसव पूर्व देखभाल सेवाओं और माताओं व नवजातों के लिए विकसित व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि अस्पताल आने वाली प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर जांच और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जाए।
अटल आरोग्य लैब में सुधार कार्य तेज करने के निर्देश
PMSMA शिविर के बाद कलेक्टर ने अस्पताल परिसर स्थित अटल आरोग्य लैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लैब में सभी आवश्यक जांच सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही रंगाई-पुताई, बिजली व्यवस्था और विभिन्न जांचों में लगने वाले समय की जानकारी प्रदर्शित करने जैसे लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए ताकि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं मिल सकें।
NRC पहुंचकर जानी बच्चों की स्थिति
इसके बाद कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) का निरीक्षण किया और वहां भर्ती कुपोषित बच्चों के उपचार, पोषण व्यवस्था और डाइट प्लान की जानकारी ली। व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने बच्चों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
किशोरियों को सौंपे HPV टीकाकरण प्रमाण पत्र
दौरे के समापन अवसर पर कलेक्टर ने एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन के लिए पहुंचीं चार किशोरी बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने बालिकाओं और उनके परिजनों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र वैष्णव, सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल सहित जिला चिकित्सालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




