छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

सारंगढ़ जिला अस्पताल पर बढ़ा भरोसा, स्थानीय के साथ उड़ीसा के मरीज भी करा रहे डायलिसिस,679 से अधिक सेशन पूरे, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के मार्गदर्शन और सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में अस्पताल की डायलिसिस सुविधा अब जिले ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्य ओडिशा के मरीजों के लिए भी बड़ी राहत बनकर उभरी है।
अस्पताल में डायलिसिस सेवा के विस्तार के बाद से अब तक 679 से अधिक डायलिसिस सेशन सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञों की निगरानी में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल रहा है, जिसके चलते यहां आने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

ओडिशा के मरीजों को भी मिल रही राहत
सारंगढ़ जिला चिकित्सालय की सुविधाओं से प्रभावित होकर ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी मरीज नियमित रूप से यहां पहुंच रहे हैं। ओडिशा के बड़े बरगढ़ निवासी मरीज केदार साहू ने बताया कि पहले डायलिसिस के लिए उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और पैसे दोनों की अधिक खर्च होती थी। अब सारंगढ़ में ही बेहतर सुविधा मिलने से उन्हें काफी राहत मिल रही है और अस्पताल का स्टाफ भी काफी सहयोगी है।

सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने की अपील

सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि जिला चिकित्सालय का उद्देश्य जिले के हर नागरिक को सुलभ और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। डायलिसिस यूनिट की सफलता पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए निजी अस्पतालों के महंगे खर्च से बचें और शासकीय अस्पतालों की सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में लगातार बेहतर होती स्वास्थ्य सुविधाएं अब क्षेत्र के मरीजों के लिए भरोसे का केंद्र बनती जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़