संघ शताब्दी वर्ष के तहत सारंगढ़ में युवा सम्मेलन, 350 युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प, पढ़े पूरी खबर,,,,,

सारंगढ़।नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष (1925–2025) के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित हो रहे युवा सम्मेलनों की श्रृंखला में आज सारंगढ़ में भव्य युवा सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन में सारंगढ़ क्षेत्र से लगभग 350 युवाओं एवं बच्चों की सक्रिय सहभागिता रही।

सम्मेलन का उद्देश्य 15 से 35 आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, अनुशासित जीवन शैली और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में युवाओं को व्यसनमुक्त जीवन अपनाने और समाज के लिए “सच्चा नायक” बनने का संदेश दिया गया।
संघ के विभाग प्रचारक डॉ. राजकुमार भारद्वाज ने अपने उद्बोधन में संघ की 100 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। सही दिशा और संस्कार मिलने पर यही शक्ति भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और अनुशासित राष्ट्र बना सकती है।
सम्मेलन में देशभक्ति गीतों का गायन, स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर प्रेरक चर्चा, समय प्रबंधन एवं सामाजिक जिम्मेदारियों पर मार्गदर्शन दिया गया। युवाओं को संख्या के बल से होने वाले सकारात्मक परिवर्तन को समझने और उसे अपने व्यक्तिगत जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह सतीश यादव, व्यवस्था प्रमुख तुषार तिवारी, संयोजक आवेश गोयल, स्नेहा तिवारी, खंड प्रचारक जितेश जायसवाल, डॉ. हलधर पटेल, चिराग साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि संघ के ये युवा सम्मेलन रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका लक्ष्य युवा शक्ति का सही मार्गदर्शन कर राष्ट्र सेवा के लिए तैयार करना है।




