सतर्कता से सफलता तक: प्रमोद यादव के नेतृत्व में सरिया पुलिस ने पकड़ी गांजा तस्करी, 7.25 किलो जब्तपढ़े पूरी खबर,,,,,

सारंगढ़–
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी प्रमोद यादव की सतर्कता और सक्रिय नेतृत्व में पुलिस ने मोटरसाइकिल से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 किलो 250 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त सामग्री, मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 2 लाख 35 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। संपूर्ण कार्रवाई थाना प्रभारी प्रमोद यादव के कुशल नेतृत्व में अंजाम दी गई।
दिनांक 07 जनवरी 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से गांजा लेकर एक काले-नीले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (CG 11 BG 4857) सरिया की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सरिया थाना के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोक लिया।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में पीछे बैठे व्यक्ति के बैग से 07 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रमा कुमार खांडे (उम्र 34 वर्ष) और अजय कुमार दिवाकर (उम्र 28 वर्ष), दोनों निवासी सोनबरसा, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा, बताया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा उड़ीसा के बरगढ़ जिले से लाकर जांजगीर-चांपा जिले में बिक्री हेतु ले जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सरिया में अपराध क्रमांक 08/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव की सक्रियता, सूझबूझ और नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिदार, आरक्षक ताराचंद, लक्ष्मी पटेल, दिलीप स्नेही, दिगंबर, मुकेश कश्यप, साइबर सेल प्रभारी रामकुमार मानिकपुरी, कृष्णा डनसेना, दीपक मैत्री एवं समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
सरिया पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के कारोबार से जुड़े तत्वों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।




