छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

डिजिटल क्रॉप सर्वे में सारंगढ़-बिलाईगढ़ प्रदेश में अव्वल, 87 प्रतिशत कार्य के साथ प्रथम स्थान, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

सरसींवा और भटगांव तहसील में 93 प्रतिशत से अधिक सर्वे पूरा, जिले में 47,350 प्लॉटों का सर्वे पूर्ण

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के प्रभावी क्रियान्वयन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश स्तरीय रिपोर्ट में जिले ने 87 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। डिजिटल क्रॉप सर्वे में सर्वाधिक प्रगति करने वाले प्रदेश के शीर्ष तीन जिलों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ पहले स्थान पर है। वहीं खैरागढ़ 86 प्रतिशत के साथ दूसरे और कोरिया 81 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है।

जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्य को प्रशासन द्वारा प्राथमिकता देते हुए मैदानी स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। 6 सितंबर 2026 को शाम 4.30 बजे तक की तहसीलवार प्रगति रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 53,524 प्लॉटों के लक्ष्य के विरुद्ध 47,350 प्लॉटों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। इस तरह जिले की सर्वे प्रगति 88.45 प्रतिशत तक पहुंच गई है। वहीं 35,476 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं और अनुमोदन की प्रगति 74.93 प्रतिशत दर्ज की गई है।

सरसींवा तहसील का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

तहसीलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सरसींवा तहसील ने सर्वे कार्य में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। यहां कुल 8,187 प्लॉटों में से 7,653 प्लॉटों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। तहसील की सर्वे प्रगति 93.27 प्रतिशत है, जबकि 5,348 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं।

इसी तरह भटगांव तहसील में कुल 6,235 प्लॉटों के विरुद्ध 5,847 प्लॉटों का सर्वे पूर्ण हो चुका है। यहां सर्वे की प्रगति 93.15 प्रतिशत दर्ज की गई है और 3,748 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं। दोनों तहसीलों ने 93 प्रतिशत से अधिक सर्वे पूरा कर जिले की समग्र प्रगति को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सारंगढ़ तहसील में 88.60 प्रतिशत सर्वे पूर्ण

जिले की बड़ी तहसीलों में शामिल सारंगढ़ तहसील में भी डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां कुल 16,134 प्लॉटों के विरुद्ध 14,032 प्लॉटों का सर्वे पूर्ण किया जा चुका है। तहसील की सर्वे प्रगति 88.60 प्रतिशत है। वहीं 12,061 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं और अनुमोदन की दर 84.36 प्रतिशत दर्ज की गई है।

सारिया तहसील में कुल 5,491 प्लॉटों में से 4,647 प्लॉटों का सर्वे पूरा हुआ है। यहां सर्वे प्रगति 86.64 प्रतिशत है और 3,258 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं।

बिलाईगढ़ और बरमकेला में भी तेजी से हो रहा काम

बिलाईगढ़ तहसील में कुल 7,876 प्लॉटों के विरुद्ध 6,745 प्लॉटों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। यहां सर्वे की प्रगति 85.49 प्रतिशत है, जबकि 5,132 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं।

वहीं बरमकेला तहसील में कुल 9,626 प्लॉटों में से 8,136 प्लॉटों का सर्वे पूर्ण हो चुका है। तहसील की सर्वे प्रगति 84.49 प्रतिशत है और अब तक 5,910 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं।

शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने पर प्रशासन का जोर

प्रदेश में जिले के प्रथम स्थान पर पहुंचने के बाद प्रशासन ने अब डिजिटल क्रॉप सर्वे का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि सर्वे कार्य में इसी गति और गंभीरता को बनाए रखा जाए।

उन्होंने अधिकारियों को नियमित समीक्षा करते हुए लंबित प्लॉटों के सर्वे में तेजी लाने तथा मैदानी अमले के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर शेष कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य न केवल जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे का 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण करना, बल्कि प्रदेश में हासिल की गई प्रथम स्थान की स्थिति को भी बनाए रखना है।

डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से फसलों से संबंधित जानकारी को डिजिटल रूप में दर्ज किया जा रहा है। जिले में सर्वे कार्य की लगातार निगरानी और मैदानी अमले की सक्रियता के चलते प्रगति में तेजी आई है। आने वाले दिनों में शेष प्लॉटों का सर्वे पूरा होने के साथ जिले की उपलब्धि और मजबूत होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़