42 वर्षों की गौरवशाली सेवा के बाद शिक्षक रामेश्वर सिदार सेवानिवृत्त, पढ़े पूरी खबर,,,,,

भव्य विदाई सह सम्मान समारोह में उमड़ा जनसमूह, भावुक हुए गुरुजी
विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़।
शिक्षा के क्षेत्र में 42 वर्षों की उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवा पूर्ण करने के उपलक्ष्य में वरिष्ठ शिक्षक रामेश्वर सिदार के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर शालेय एवं संकुल परिवार कपरतुंगा-अमलीपाली सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

जीवन परिचय और सेवायात्रा
रामेश्वर सिदार का जन्म 02 अप्रैल 1964 को ग्राम गोडा में हुआ। उन्होंने 01 फरवरी 1984 को सहायक शिक्षक के रूप में अपनी सेवा प्रारंभ की। अपने शिक्षकीय जीवन में उन्होंने लगभग 19 वर्षों तक परसकोल स्कूल में सेवा दी, इसके बाद 13 वर्षों तक रोहीनापाली माध्यमिक स्कूल में विद्यार्थियों को शिक्षित किया। उनकी लगन और उत्कृष्ट कार्यशैली के चलते उन्हें 11 मई 2013 को उच्च वर्ग शिक्षक के पद पर पदोन्नति मिली। अंततः वे 30 अप्रैल 2026 को उच्च वर्ग शासकीय माध्यमिक शाला रोहिनापाली से सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

सम्मान और शुभकामनाओं की बौछार
समारोह के दौरान वक्ताओं ने श्री सिदार के सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना की। इस अवसर पर कन्हैया पटेल, CAC, कुशल पटेल (संकुल प्राचार्य), महेन्द्र साहू (प्रधान पाठक), नारद पटेल, भुनेश्वर पटेल, मुरली पटेल, यादराम पटेल, भगवान प्रसाद बरिहा अनिल पटेल, नारद राठिया, तेजराम पटेल, परमानंद पटेल, भीमसेन पटेल, अंकित पटेल, सतीश शर्मा ज्योति पटेल, जिला भाजपा अध्यक्ष सहित समस्त शिक्षक साथीगण घनश्याम, मीना पटेल, सरपंच पति उपस्थित रहे। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

भावुक हुए गुरुजी, कही दिल की बात
इस अवसर पर रामेश्वर सिदार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षकीय जीवन उनके लिए एक परिवार की तरह रहा। उन्होंने कहा कि अब वे अपने शेष जीवन को परिवार, के साथ हंसी-खुशी बिताना चाहते हैं।
स्नेहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकगण एवं ग्रामीणों के लिए स्नेहभोज का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने गुरुजी को शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।



