छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

जिला अस्पताल सारंगढ़ ने रचा इतिहास, नि:शुल्क डायलिसिस के 2500 से अधिक सत्र पूरे, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

किडनी मरीजों को मिल रही बड़ी राहत, बड़े शहरों में इलाज कराने की मजबूरी हुई खत्म; कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में मिली बड़ी उपलब्धि

सारंगढ़ | जिला चिकित्सालय सारंगढ़ ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए प्रधानमंत्री नि:शुल्क डायलिसिस सेवा के अंतर्गत 2500 से अधिक सफल डायलिसिस सत्र पूरे कर लिए हैं। यह उपलब्धि जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और बेहतर चिकित्सा प्रबंधन की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है। इससे किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को अपने ही जिले में नियमित और नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं के तहत जिला अस्पताल में उपलब्ध यह सुविधा किडनी रोगियों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। पहले डायलिसिस कराने के लिए मरीजों और उनके परिजनों को रायपुर, बिलासपुर और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। इसमें इलाज के साथ आने-जाने का खर्च, समय और मानसिक परेशानी भी उठानी पड़ती थी। अब जिला अस्पताल में ही नियमित डायलिसिस की सुविधा मिलने से मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है।

इस उपलब्धि के पीछे कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू का मार्गदर्शन और सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल का प्रभावी प्रबंधन महत्वपूर्ण रहा है। जिला प्रशासन के सहयोग और स्वास्थ्य विभाग के बेहतर समन्वय से डायलिसिस यूनिट का संचालन लगातार किया जा रहा है। मरीजों को निर्धारित समय पर उपचार उपलब्ध कराने के साथ उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

डायलिसिस यूनिट में मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण के निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है। डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी कर्मचारियों की टीम मरीजों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखती है। उपचार के दौरान मरीजों को चिकित्सा सुविधा के साथ आवश्यक परामर्श और मानसिक संबल भी दिया जाता है। टीम के समर्पण और बेहतर कार्यप्रणाली का ही परिणाम है कि अस्पताल ने 2500 से अधिक डायलिसिस सत्र पूरे किए हैं।

सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि 2500 से अधिक डायलिसिस सत्र का आंकड़ा केवल एक संख्या नहीं है, बल्कि उन मरीजों और परिवारों की उम्मीदों का प्रतीक है, जिन्हें जिला अस्पताल में समय पर उपचार मिल रहा है। पूरी मेडिकल टीम सेवा भावना के साथ काम कर रही है। भविष्य में भी मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए टीम प्रतिबद्ध है।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने इस उपलब्धि पर अस्पताल की पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जिला अस्पताल में डायलिसिस के 2500 से अधिक सत्र पूरे होना इस बात का प्रमाण है कि बेहतर प्रबंधन, प्रशासनिक सहयोग और स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिबद्धता से जिला स्तर पर भी गंभीर बीमारियों का प्रभावी उपचार संभव है। यह उपलब्धि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़