जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में 15 प्रकार की निःशुल्क शल्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध, अब बड़े शहरों की दौड़ नहीं, पढ़े पूरी खबर,,,,

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार
सारंगढ़-बिलाईगढ़। नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और जनसुलभ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग लगातार कार्य कर रहे हैं। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में चिकित्सा सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया गया है। इसका लाभ अब जिले के हजारों मरीजों को मिल रहा है।
पूर्व में गंभीर बीमारियों अथवा शल्य चिकित्सा (ऑपरेशन) के लिए मरीजों को रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता था। लेकिन अब जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में अनेक प्रकार की शल्य चिकित्सा सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार जिला चिकित्सालय में वर्तमान में 15 से अधिक प्रकार के प्रमुख ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। इनमें महिलाओं, पुरुषों तथा सामान्य शल्य चिकित्सा से संबंधित विभिन्न उपचार शामिल हैं। अस्पताल में आधुनिक उपकरणों एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की सहायता से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला चिकित्सालय में उपलब्ध प्रमुख निःशुल्क ऑपरेशन सुविधाएं
- सीजेरियन प्रसव (LSCS)
- सीटीटी (महिला नसबंदी) ऑपरेशन
- गर्भाशय निकालने का ऑपरेशन (हिस्टेरेक्टॉमी)
- हर्निया ऑपरेशन
- पाइल्स (बवासीर) ऑपरेशन
- फिशर एवं फिस्टुला उपचार
- अंग विच्छेदन (Amputation)
- हाइड्रोसील ऑपरेशन
- फाइब्रोएडोनोमा (स्तन की गांठ) ऑपरेशन
- लाइपोमा ऑपरेशन
- सरकमसीजन
- सभी प्रकार की सिस्ट का ऑपरेशन
- गेंग्लियन ऑपरेशन
- वुंड डिब्राइडमेंट
- अबसेस (फोड़ा) का ऑपरेशन
निःशुल्क उपचार के लिए आवश्यक दस्तावेज
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मरीजों को निःशुल्क उपचार एवं ऑपरेशन का लाभ प्राप्त करने के लिए अपना आयुष्मान कार्ड साथ लाना चाहिए। यदि आयुष्मान कार्ड उपलब्ध नहीं है तो आधार कार्ड, राशन कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान पत्र की प्रति प्रस्तुत कर उपचार प्रक्रिया शुरू कराई जा सकती है।
गरीब और जरूरतमंद मरीजों को मिल रही राहत
जिला चिकित्सालय में निःशुल्क ऑपरेशन सुविधाएं शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को विशेष लाभ मिल रहा है। पहले जहां निजी अस्पतालों में इन ऑपरेशनों पर हजारों से लाखों रुपये तक खर्च करने पड़ते थे, वहीं अब यही सुविधाएं सरकारी अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध हैं। इससे जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने जिले में ही मिल रही हैं।
सिविल सर्जन ने की जनता से अपील
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, आधुनिक उपकरण तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शल्य चिकित्सा अथवा स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर नागरिक सीधे जिला अस्पताल से संपर्क करें और बिचौलियों या निजी अस्पतालों के भ्रामक प्रचार-प्रसार से बचें।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर नागरिक अपने स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जिसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।




