छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

निर्माणाधीन आंगनबाड़ी से सरिया-पाइप चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

सारंगढ़- बरमकेला पुलिस ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन से सरिया और पाइप चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधानपुर स्थित निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन से अज्ञात चोरों द्वारा सरिया एवं पाइप चोरी कर लिया गया था। मामले में प्रार्थी की शिकायत पर थाना बरमकेला में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमीषा पाण्डेय तथा डीएसपी संतोषी ग्रेस के निर्देशन में चोरी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी ए.के. बेक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम प्रधानपुर निवासी लंबोदर चौहान (44 वर्ष) तथा ग्राम बेंगची निवासी धनेश्वर चौहान (35 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया सरिया एवं पाइप बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर रविवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ए.के. बेक, प्रधान आरक्षक देवांगन, भवानी धनगढ़ सहित बरमकेला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़