छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने समय सीमा बैठक में दिए सख्त निर्देश, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

गोतस्करी, पेट्रोल-डीजल और खाद-बीज कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के आदेश

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़–बिलाईगढ़,
कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में जिले के विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, जनशिकायत, ई-समाधान तथा कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सारंगढ़ के झरियापारा में चल रहे सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग अनिवार्य है।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को वृहद पौधारोपण अभियान को गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को केवल औपचारिकता नहीं बल्कि सतत जिम्मेदारी बताते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूर्ण करने को कहा।

कलेक्टर ने जिले में गोतस्करी, पेट्रोल-डीजल तथा खाद-बीज की कालाबाजारी जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित जांच अभियान चलाने और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), स्वनिधि योजना, आंगनबाड़ी निर्माण, महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी, विकास प्राधिकरण मद, सांसद आदर्श ग्राम योजना तथा धरती आबा जनजातीय विकास कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। सभी विभागों को कार्यों में तेजी लाकर समय सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान अमृत मिशन 2.0, जल आवर्धन योजना, समूह जल प्रदाय योजना तथा हर घर जल योजना की प्रगति पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि बरसात से पहले सभी नल कनेक्शन कार्य हर हाल में पूर्ण किए जाएं ताकि पेयजल आपूर्ति में कोई बाधा न आए।

राजस्व एवं कृषि विभाग की समीक्षा में जाति प्रमाण पत्र, ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाएं, पीएम किसान सम्मान निधि ई-केवाईसी, एग्रीस्टैक पंजीयन, फौती नामांतरण, खाद वितरण, डबल लॉक गोदामों में भंडारण, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण एवं बीज भंडारण की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने किसानों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

इसके अलावा पीएम आशा योजना, पीडीएस राशन वितरण, समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजनाएं तथा पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। सभी विभागों को पारदर्शिता, गति और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

अंत में कलेक्टर ने कहा कि जिले में विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी जनता के हित में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़