छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

नेक्स्ट जेन डायल 112 सेवा की शुरुआत, जिले के सभी थानों में तैनात होंगे हाईटेक वाहन,पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर से किया शुभारंभ, सारंगढ़ में 10 नए वाहनों को दिखाई गई हरी झंडी

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। जिले में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक तेज, प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा “नेक्स्ट जेन डायल 112” सेवा की शुरुआत की गई है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा मुख्यमंत्री ने रायपुर में आयोजित कार्यक्रम से इस अत्याधुनिक सेवा का शुभारंभ किया।

इसी क्रम में सारंगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हाईटेक डायल 112 सेवा के तहत प्राप्त 10 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर , जिला पंचायत अध्यक्ष , विधायक एवं जनप्रतिनिधि एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस विभाग के अनुसार जिले के सभी थाना एवं चौकियों में डायल 112 के वाहन तैनात किए जाएंगे, जिससे आम नागरिकों को पुलिस सहायता, मेडिकल इमरजेंसी, अग्निशमन सेवा, महिला एवं चाइल्ड हेल्पलाइन तथा हाईवे इमरजेंसी जैसी सुविधाएं एक ही नंबर 112 पर त्वरित रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।

नेक्स्ट जेन 2.0 परियोजना के तहत शुरू की गई यह सेवा अत्याधुनिक तकनीकों से लैस है। वाहनों में जीपीएस सिस्टम, स्मार्टफोन, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड एवं डिश कैमरा, मोबाइल एनवीआर सहित कई स्मार्ट सुविधाएं दी गई हैं। इसके माध्यम से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल टाइम ट्रैकिंग और त्वरित सूचना संचार संभव हो सकेगा। सेवा की निरंतरता बनाए रखने के लिए रायपुर स्थित सी-4 एवं पुलिस मुख्यालय में प्राइमरी और सेकेंडरी सेंट्रलाइज्ड कमांड सेंटर भी स्थापित किए गए हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव के अंतिम छोर तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल की बचत और सामूहिक यात्रा को बढ़ावा देने की अपील भी की। विधायक कविता प्राण लहरे ने डायल 112 सेवा को आम जनता के लिए बड़ी सौगात बताया, वहीं विधायक गनपत जांगड़े ने आपात स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाने पर जोर दिया।

कलेक्टर पद्मिनी भोय साहू ने बताया कि “एक्के नंबर सब्बो बर” थीम पर आधारित यह सेवा पुलिस, अग्निशमन एवं चिकित्सा सेवाओं को एकीकृत करते हुए नागरिकों को एक ही नंबर पर त्वरित सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों की मदद से बेहतर निगरानी और तेज संचार व्यवस्था सुनिश्चित होगी।

कार्यक्रम में एसडीएम वर्षा बंसल, एसडीओपी स्नेहिल साहू, उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा, कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों ने डायल 112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़