छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में निःशुल्क सोनोग्राफी कक्षा का शुभारंभ, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने दिया गर्भवती माताओं के लिए संदेश, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,

“निःशुल्क सोनोग्राफी सुविधा जिले के लिए मील का पत्थर : कलेक्टर

सारंगढ़, नईदुनिया, दिलीप टंडन

जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में जिले में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को जिला चिकित्सालय परिसर में नवीन सोनोग्राफी कक्ष का शुभारंभ किया गया।

सोनोग्राफी कक्ष का उद्घाटन कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजेश अग्रवाल, वरिष्ठ प्रतिनिधि श्री अरविन्द हरिप्रिया, पूर्व पार्षद श्री अविनाश पूरी गोस्वामी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अब जिले में ही मिलेगी जांच की सुविधा
लंबे समय से जिला चिकित्सालय में सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को निजी क्लीनिकों या रायगढ़ जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। अब इस सुविधा के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक जांच संभव हो सकेगी। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रानू मनहर द्वारा स्वयं सोनोग्राफी जांच की जाएगी, जिससे गर्भवती महिलाओं को विशेषज्ञ सलाह और जांच एक ही स्थान पर मिल सकेगी।
नि:शुल्क और नियमित सेवा
शासन की योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सोनोग्राफी की सुविधा पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। यह सेवा प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को जिला चिकित्सालय में उपलब्ध रहेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।


उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने गर्भवती माताओं के लिए संदेश देते हुए कहा कि “गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच कराना बेहद आवश्यक है। समय पर सोनोग्राफी से मां और शिशु दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। शासन द्वारा शुरू की गई इस निःशुल्क सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।” उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की सुविधाएं ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित होंगी।

अधिकारियों ने बताया मील का पत्थर
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने इसे जिले के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इस सुविधा से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने और समय पर जटिलताओं की पहचान करने में मदद मिलेगी। वहीं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन लगातार स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रयासरत है और सोनोग्राफी सेवा शुरू होने से गर्भवती महिलाओं को विशेष राहत मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों ने जिला चिकित्सालय में हुए इस उन्नयन के लिए शासन-प्रशासन का आभार जताया। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. एफ.आर. निराला, सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल, जिला चिकित्सालय के समस्त विशेषज्ञ चिकित्सक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़