नवाचारी शिक्षा से मिडमिडा का बढ़ाया मान, प्रधान पाठक बिजेंद्र चौहान को मिला राज्य स्तरीय ‘नवदीप गुरु गौरव’ सम्मान, पढ़े पूरी खबर,,,,

खेल-खेल में शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों का भविष्य संवारने में निभा रहे अहम भूमिका, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मानित
विशालपुर सारंगढ़ दिलीप टंडन 🖊️🖊️🖊️🖊️
सारंगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण, नवाचार और रचनात्मक सोच के माध्यम से अपनी अलग पहचान स्थापित करने वाले शासकीय प्राथमिक शाला मिडमिडा के प्रधान पाठक बिजेंद्र चौहान ने पूरे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का मान बढ़ाया है। उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान और नवाचारी शिक्षण गतिविधियों के लिए उन्हें प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय ‘नवदीप गुरु गौरव’ शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के शिक्षा जगत, शिक्षकों और ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है।

बिजेंद्र चौहान ने विद्यालय में पारंपरिक शिक्षण पद्धति के साथ नवाचारों को जोड़कर बच्चों की पढ़ाई को रोचक और प्रभावी बनाने का प्रयास किया है। उनका मानना है कि बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय खेल-खेल में सीखने, रचनात्मक गतिविधियों और व्यवहारिक शिक्षा से जोड़ना जरूरी है। इसी सोच के साथ उन्होंने विद्यालय में विभिन्न नवाचारी गतिविधियों को लागू किया, जिससे बच्चों की पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने में मदद मिली।
उनकी इसी मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें राज्य स्तरीय सम्मान के लिए चुना गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, विशिष्ट अतिथि सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े एवं बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे की उपस्थिति में बिजेंद्र चौहान को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के लिए बने प्रेरणा
बिजेंद्र चौहान की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि ग्रामीण अंचल के सरकारी विद्यालयों में बेहतर शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की पहचान भी है। सीमित संसाधनों के बीच भी नवाचार, मेहनत और सकारात्मक सोच के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है, यह उन्होंने अपने कार्यों से साबित किया है।
उनके राज्य स्तरीय सम्मानित होने पर संकुल केंद्र के शिक्षकों, विकासखंड के शिक्षा अधिकारियों, सहकर्मी शिक्षकों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों और ग्रामवासियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बिजेंद्र चौहान की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य शिक्षकों को भी नवाचार के माध्यम से शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।




