पढ़ाई, अनुशासन और योजनाओं की समीक्षा, दानसरा हाई स्कूल में जिला पंचायत अध्यक्ष का निरीक्षण, पढ़े पूरी खबर,,,,,

आकस्मिक निरीक्षण कर कक्षाओं में पहुंचे, बच्चों से पूछे सवाल और शिक्षकों को गुणवत्ता सुधारने दिए निर्देश
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने शुक्रवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल दानसरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा शिक्षकों और विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सबसे पहले विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे, जहां उन्होंने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, कक्षाओं की साफ-सफाई, अनुशासन और पठन-पाठन की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से पाठ्यक्रम से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर उनके ज्ञान का स्तर जाना और शिक्षकों द्वारा कराए जा रहे अध्यापन का मूल्यांकन किया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक उनके सवालों के जवाब दिए।

शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने सभी की जिम्मेदारी
इस अवसर पर संजय भूषण पाण्डेय ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बेहतर भवन, आवश्यक संसाधन, पाठ्य सामग्री और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में शिक्षकों का दायित्व है कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि विद्यालय की सफलता केवल भवन या संसाधनों से नहीं, बल्कि शिक्षकों की सकारात्मक सोच, मेहनत और बच्चों के प्रति समर्पण से तय होती है। यदि सभी शिक्षक पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तो निश्चित रूप से विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल होगा।
बच्चों को किया प्रोत्साहित
जिला पंचायत अध्यक्ष ने छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अनुशासन का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज की मेहनत ही भविष्य की सफलता की नींव होती है। यदि विद्यार्थी अभी से लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी से अध्ययन करेंगे तो वे जीवन में निश्चित रूप से सफल होंगे।
सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्था प्रमुख से विद्यालय में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पात्र विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाए। किसी भी पात्र छात्र को योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का दिया संदेश
निरीक्षण के अंत में संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। सरकारी विद्यालयों में बेहतर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए विद्यालय को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।




