पत्रकारों और नागरिकों के सहयोग से होगी बेहतर पुलिसिंग, अपराधियों की अब खैर नहीं : एसपी सुनील शर्मा, पढ़े पूरी खबर,,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुधारने के उद्देश्य से नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने जिला पुलिस कार्यालय में पहली बार पत्रकारों के साथ विस्तृत प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस, पत्रकारों और समाज के साभ्रांत नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज और मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

एसपी सुनील शर्मा ने कहा कि पत्रकार और नागरिक पुलिस के सहयोगी हैं तथा उनके द्वारा दी गई सूचनाएं अपराधों की रोकथाम में बेहद उपयोगी साबित होती हैं। इसी उद्देश्य से एक समन्वय समूह बनाया जाएगा, जिसके माध्यम से पुलिस, पत्रकार और जागरूक नागरिक सीधे संपर्क में रहेंगे। उन्होंने बताया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या अवैध कारोबार की सूचना नागरिक सीधे पुलिस को व्हाट्सएप के माध्यम से भी दे सकेंगे, जिस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस वार्ता में एसपी शर्मा ने जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ कठोर और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। अपराध करने वालों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार वाहन चालकों तथा नाबालिगों द्वारा दोपहिया और चारपहिया वाहन चलाने के मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो नियमानुसार उसके अभिभावकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे।
एसपी ने बताया कि कई बार गांवों और मोहल्लों में होने वाले छोटे-छोटे विवाद या अपराध थानों तक नहीं पहुंच पाते, जो आगे चलकर बड़े अपराध का रूप ले लेते हैं। इसे रोकने के लिए पुलिस की विशेष टीम गांव-गांव जाकर स्थानीय लोगों से संपर्क करेगी और छोटी घटनाओं की भी जानकारी एकत्र करेगी। जनसहयोग के आधार पर अपराध नियंत्रण की नई रणनीति तैयार की जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा संचालित समाधान ऐप एवं अप्रवासी व्यक्तियों की जानकारी से संबंधित पुलिस ऐप की भी जानकारी दी तथा नागरिकों से इनका अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, बाहरी व्यक्तियों की मुसाफिरी दर्ज कर सत्यापन करने, माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के कर्मचारियों की जांच करने, तेज रफ्तार एवं स्टंट करने वाले बाइक चालकों पर कार्रवाई, नगर में जुआ एवं अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने, हेलमेट की अनिवार्यता सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने जैसे सुझाव शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने सभी सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि पत्रकारों और नागरिकों की भागीदारी से ही बेहतर पुलिसिंग संभव है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से अमल किया जाएगा तथा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी स्नेहिल साहू सहित जिले भर के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।




