तेंदूपत्ता कार्ड जारी नहीं होने से लाभ से वंचित होने की आशंका, कलेक्टर को सौंपा आवेदन, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जनदर्शन में तेंदूपत्ता कार्ड जारी करने से संबंधित एक आवेदन प्रस्तुत किया गया है। ग्राम मानिकपुर निवासी गंगाराम भूमिजन ने कलेक्टर महोदया को दिए आवेदन में बताया कि उनका परिवार लंबे समय से तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य करता आ रहा है, लेकिन अब तक उन्हें तेंदूपत्ता संग्राहक कार्ड जारी नहीं किया गया है।

आवेदक ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहक केंद्र बटाउपाली के कर्मचारी कन्हाई पटेल द्वारा कार्ड बनाने से इनकार किया गया है, जिससे उन्हें शासन की तेंदूपत्ता बोनस एवं बीमा योजना के लाभ से वंचित होने की आशंका है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उनके द्वारा 590 गड्डी तेंदूपत्ता का विक्रय किया गया था, जिसके एवज में मात्र 3000 रुपये का भुगतान किया गया।
आवेदन में यह भी निवेदन किया गया है कि उनकी पुत्री वागेश्वरी भूमिजन, जो 12वीं उत्तीर्ण हैं, का नाम भी तेंदूपत्ता सदस्यता में दर्ज किया जाए।
गंगाराम भूमिजन ने कलेक्टर महोदया से आवेदन स्वीकार कर तेंदूपत्ता कार्ड जारी करने एवं आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।




