24 घंटे में हत्या का खुलासा: मां की हत्या के आरोप में बेटा और पति गिरफ्तार, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

घरेलू विवाद में बेटे ने लकड़ी के डंडे और पीढ़े से किया हमला, पिता के साथ मिलकर घटना छिपाने का प्रयास; पुलिस ने दोनों को भेजा न्यायिक रिमांड पर
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़। कोसीर थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मृतका के बेटे और पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार घरेलू विवाद के दौरान बेटे ने अपनी मां पर लकड़ी के डंडे और पीढ़े से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने अपने पिता के साथ मिलकर मामले को छिपाने और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 सितंबर को सम्पत बरेठ ने थाना कोसीर में अपनी पत्नी बृतबाई बरेठ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध पाए जाने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच आगे बढ़ाई।
पूछताछ में सामने आई घटना की कड़ी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर एएसपी धीरेन्द्र पटेल एवं एसडीओपी गोविंद दीवान के मार्गदर्शन में थाना कोसीर पुलिस ने संदेह के आधार पर परिजनों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि 4 सितंबर को घरेलू विवाद के दौरान सोहन बरेठ ने गुस्से में अपनी मां बृतबाई बरेठ पर लकड़ी के डंडे और पीढ़े से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से बृतबाई की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद घटना को छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने अपने पिता सम्पत बरेठ के साथ मिलकर साक्ष्य मिटाने और घटना को दूसरी तरह प्रस्तुत करने का प्रयास किया।
घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद
पुलिस ने पूछताछ और जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस द्वारा मामले में अन्य साक्ष्यों को एकत्र करने के साथ आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते हत्या का मामला सामने आने के 24 घंटे के भीतर ही आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




